पावटा (राहुल शर्मा): राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर नीलका पुलिया डायवर्जन स्थल पर हुई दुखद सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले स्वर्गीय सुरजाराम यादव को न्याय दिलाने के लिए शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट पर यादव समाज ने प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
*निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग*
ज्ञापन में दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि हाईवे निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ।
*ये गणमान्य रहे मौजूद*
पावटा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष महादेव प्रसाद यादव, यादव समाज जिला अध्यक्ष रामनिवास यादव, सरपंच रामजीलाल यादव, सेवानिवृत्त वाइस प्रिंसिपल अमरनाथ यादव, गोपी यादव, जगदीश धासील और पूर्व चेयरमैन भीमराज सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*एक स्वर में उठी आवाज*
सभी ने एक स्वर में मांग की कि स्वर्गीय सुरजाराम यादव के परिवार को शीघ्र न्याय मिले। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा, "न्याय की इस लड़ाई में हम पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। प्रशासन दोषियों पर कार्रवाई कर परिवार को राहत दे।"