नई दिल्ली (राहुल शर्मा): मशहूर हरियाणवी डांसर और एक्ट्रेस सपना चौधरी की निजी जिंदगी में बड़ा तूफान आ गया है। सपना ने अपने पति पर मारपीट और घरेलू हिंसा का गंभीर आरोप लगाते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
*चोटों के निशान लेकर पहुंची कोर्ट*
जानकारी के मुताबिक सपना चौधरी अपने बच्चों के साथ घर छोड़कर सीधे अदालत पहुंचीं, उनके शरीर पर जख्म और गंभीर चोटों के निशान थे। सपना ने कोर्ट में घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण अधिनियम के तहत केस दायर किया है।
*कोर्ट ने लिया सख्त रुख*
मामले की गंभीरता को देखते हुए द्वारका महिला कोर्ट ने मंगलवार को सख्त रुख अपनाया। कोर्ट ने सपना को अंतरिम सुरक्षा प्रदान करते हुए उनके पति के खिलाफ बड़ा आदेश जारी किया है। कोर्ट ने अगली सुनवाई तक पति को सपना से किसी भी तरह का संपर्क करने या उनके पास जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है, यानी कोर्ट ने साफ कहा है कि आरोपी पति सपना चौधरी के आस-पास भी नहीं फटक सकता।
*क्या है मामला*
सपना चौधरी ने आरोप लगाया है कि उनके पति ने उनके साथ मारपीट की, जिसके बाद वह बच्चों को लेकर घर से निकल गई। फिलहाल कोर्ट में मामला विचाराधीन है और अगली सुनवाई की तारीख का इंतजार है। सपना चौधरी हरियाणा के साथ-साथ पूरे देश में अपने डांस के लिए मशहूर हैं। बिग बॉस से लेकर कई म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी सपना की निजी जिंदगी का यह मामला अब सुर्खियों में है।