पावटा (राहुल शर्मा): कस्बे में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां के निवासी कमलेश यादव के घर पर गाय माता ने एक साथ दो बछड़ों को जन्म दिया है। जुड़वा बछड़ों के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है और यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
*दोनों बछड़े कर रहे दूध का सेवन*
कमलेश यादव ने बताया कि रविवार सुबह उनकी देसी नस्ल की गाय ने दो स्वस्थ बछड़ों को जन्म दिया। दोनों बछड़े सफेद रंग के हैं और सामान्य रूप से मां का दूध पी रहे हैं। गाय का यह तीसरा ब्यांत है, लेकिन जुड़वा बच्चे पहली बार हुए हैं। पशुपालक परिवार गाय और बछड़ों की विशेष देखभाल कर रहा है। कमलेश यादव की पत्नी सुमन देवी ने बताया कि बछड़ों के जन्म की खबर फैलते ही आस-पड़ोस और रिश्तेदारों का तांता लग गया। "सुबह से शाम तक लोग जुड़वा बछड़ों को देखने आ रहे हैं। गांव में इसे शुभ संकेत माना जा रहा है। हम गौ माता की सेवा में कोई कमी नहीं छोड़ रहे।"
*पशु चिकित्सक बोले - दुर्लभ मामला*
स्थानीय पशु चिकित्सक के अनुसार गायों में जुड़वा बच्चे होना बहुत दुर्लभ होता है। हजारों मामलों में से किसी एक में ऐसा होता है। फिलहाल गाय माता और दोनों नवजात बछड़े पूरी तरह स्वस्थ हैं। कमलेश यादव के घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और लोग इसे ईश्वर का आशीर्वाद बता रहे हैं। पूर्व पार्षद राकेश मीणा भी बछड़ों को देखने पहुंचे। खबर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।