पावटा (राहुल शर्मा): भौनावास गांव में रविवार को धर्म और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। बिहारी दास गोपाल जी मंदिर यज्ञशाला में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान के तहत बड़ी धूमधाम से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा बावड़ी धाम से शुरू होकर गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई यज्ञशाला पहुंची।
*जयकारों से गूंजा भौनावास*
प्रातः 8:15 बजे मंत्रोच्चार व पूजा-अर्चना के बाद जैसे ही कलश यात्रा शुरू हुई, पूरा भौनावास 'गोपाल जी महाराज की जय' और 'जय श्री राम' के जयकारों से गूंज उठा। 151 महिलाएं पारंपरिक लाल-पीली वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर पंक्तिबद्ध चल रही थीं। डीजे व बैंड की भक्तिमय धुनों पर युवा, बुजुर्ग और बच्चे जमकर झूमे।
*उमड़ा आस्था का जन सैलाब*
कलश यात्रा को देखने के लिए गांव की गलियां श्रद्धालुओं से खचाखच भर गईं। भौनावास सहित आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में भक्त पहुंचे। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर व शीतल पेय पिलाकर कलश यात्रा का स्वागत किया।