झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला):प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भाम्बू ने शुक्रवार को झुंझुनूं पुलिस लाइन के समीप लेवल क्रॉसिंग संख्या 265 (एलसी-265) पर निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक भाम्बू ने आरएसआरडीसी विभाग के अधिकारियों से परियोजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों, तकनीकी पहलुओं तथा निर्धारित समय-सीमा की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। विधायक भाम्बू ने कहा कि यह आरओबी झुंझुनूं शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूर्ण होने से रेल फाटक पर लगने वाले जाम से आमजन को स्थायी राहत मिलेगी, यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी तथा लोगों के समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि विकास कार्यों की सफलता उनकी गुणवत्ता और समय पर पूर्णता से ही सुनिश्चित होती है।
इस अवसर पर आरएसआरडीसी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, ठेकेदार प्रतिनिधि तथा भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक भाम्बू ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से परियोजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।