झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिला परिषद सभागार में शनिवार को आत्मा योजनान्तर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय प्राकृतिक खेती एवं खरीफ मौसम पूर्व किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवों से आए कृषकों ने भाग लेकर प्राकृतिक एवं जैविक खेती से जुड़ी नवीन तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, झुंझुनूं विधायक राजेन्द्र भाम्बू, पूर्व सांसद नरेन्द्र खीचड़, हरिराम रणवा, रतन तंवर, विशम्बर पूनियां सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से जहां उत्पादन लागत में कमी आती है, वहीं भूमि की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। साथ ही सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजनाओं एवं सहायता कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ.राजेन्द्र सिंह लाम्बा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जिले में संचालित कृषि कार्यक्रमों तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परसुराम धानका ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने का संकल्प दिलाते हुए इसे भविष्य की आवश्यकता बताया। कृषि विज्ञान केन्द्र आबूसर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. दयानन्द ने किसानों को बीजामृत, जीवामृत, घनजीवामृत, वेस्ट-डी कम्पोजर, हरी खाद, फसल चक्र, बीज उपचार एवं मित्र कीटों के उपयोग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं सेवानिवृत्त कृषि वैज्ञानिक डॉ.सहदेव सिंह ने गर्मी में गहरी जुताई, कम्पोस्ट, सुपर कम्पोस्ट एवं वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने की तकनीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान आत्मा योजनान्तर्गत जिला स्तर पर पुरस्कृत कृषक विजेन्द्र सिंह सांगासी को जैविक खेती तथा सुरेन्द्र सिंह पबाना को पशुपालन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि (आत्मा) डॉ.संध्या कुमारी ढाका, सहायक निदेशक कृषि रोहिताश ढाका, कृषि अधिकारी सुभाषचन्द्र सीगड़, उप परियोजना निदेशक आत्मा प्रमोद कुमार, कृषि अनुसंधान अधिकारी सुलोचना, माया चौधरी, मनमोहन सिंह, मुकेश कुमार, सहायक कृषि अधिकारी विजय सिंह, ओमप्रकाश भड़िया, तपेश कुमार, रीतेश कुमार, विजय ढाका सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय प्राकृतिक खेती एवं खरीफ पूर्व किसान गोष्ठी आयोजित, उत्कृष्ट कृषकों का हुआ सम्मान
By -
June 20, 2026
0
Tags: