झुंझुनूं में आध्यात्मिक चेतना का नया अध्याय

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): कल का दिन झुंझुनूं शहर के लिए एक ऐतिहासिक और भक्तिपूर्ण उपलब्धि लेकर आया। मित्तल कॉलोनी स्थित ढंढारिया गेस्ट हाउस के समीप अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (ISKCON) के नवनिर्मित 'आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र' का कल भव्य शुभारंभ हुआ। इस पावन अवसर पर आयोजित श्री नृसिंह यज्ञ और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे क्षेत्र के वातावरण को भक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का आगाज प्रातः 8 बजे वैदिक ऋचाओं के ओजस्वी उच्चारण के साथ 'श्री नृसिंह यज्ञ' से हुआ। इस पुनीत कार्य में मुख्य यजमान रामौतार अग्रवाल गुढावाला ने सपत्नीक एवं सपरिवार पूजा-अर्चना कर प्रभु की कृपा प्राप्त की। इस्कॉन के डॉ.नवीन कांतिदास बंसल ने जानकारी दी कि सामूहिक हवन में बड़ी संख्या में भक्तों ने आहुतियां दीं, जिससे समूचा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और चैतन्य से ओत-प्रोत हो गया। पूर्णाहुति के साथ ही दिनभर चलने वाले आध्यात्मिक कार्यक्रमों का मार्ग प्रशस्त हुआ।
यज्ञ के उपरांत सुबह 10 बजे से हरिनाम संकीर्तन का दिव्य आयोजन किया गया। मंजीरों की झंकार और मृदंग की थाप पर भक्तों ने जब कृष्ण भक्ति के भजन गाए, तो पूरा परिसर कृष्णमय हो गया। संकीर्तन की मधुर ध्वनि सुनकर श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में शाम 6 बजे नवीन भवन और श्री श्री राधा मदन गोपाल गौरहरि मंदिर की वेदी (Altar) का भव्य उद्घाटन जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। डॉ.गर्ग ने फीता खोलकर औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर इस्कॉन परिवार द्वारा जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग का गर्मजोशी से स्वागत-अभिनंदन किया गया। डॉ.नवीन कांति दास ने अपने स्वागत उद्बोधन में बताया कि यह केंद्र वर्तमान में एक अस्थायी व्यवस्था के रूप में कार्य करेगा, जबकि मुख्य मंदिर का निर्माण कार्य आगामी तीन वर्षों में पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक विशाल मंदिर का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक यह केंद्र धर्म प्रचार और इस्कॉन के उद्देश्यों को पूरा करने का मुख्य आधार रहेगा। उन्होंने डॉक्टर गर्ग का आभार प्रकट किया कि उन्होंने अपने व्यस्ततम समय में इस्कॉन केन्द्र पर पधारे साथ ही डॉक्टर गर्ग को बधाई भी दी कि उन्हें भारत के शीर्ष सौ जिला कलक्टर में से उत्कृष्ट कार्यों के लिए उनका चयन किया गया है।
जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने अपने संबोधन में इस्कॉन संस्था द्वारा पिछले 50 वर्षों से भगवत प्राप्ति और मानवता की सेवा में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण तक यह केंद्र आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण स्रोत बना रहेगा। उन्होंने ठाकुरजी महाराज के श्री चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया। उद्घाटन सत्र के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने महाभारत के विभिन्न प्रसंगों का अत्यंत सजीव और प्रभावी चित्रण प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। तत्पश्चात, प्रभुपाद जी की शिक्षाओं पर आधारित आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को जीवन में भक्ति के महत्व को समझाया गया। रात्रि 7:30 बजे हुई भव्य संध्या आरती में सैकड़ों भक्त शामिल हुए और प्रभु की भक्ति में लीन हो गए। अंत में सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

*प्रमुख हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति*

इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में अनेक धर्मपरायण नागरिकों और दानदाताओं का विशेष सहयोग रहा। जयपुर राजस्थान के हरिभक्त यूथ डायरेक्टर, इस्कॉन जयपुर के पंचरत्न प्रभुजी, ब्रह्मचारी कौशल पति प्रभु, नवीन कांतिदास प्रभु, मधुसूदन प्रभु, राधा मदन मोहन दास, जितेन्द्र प्रभु, नवदीप भक्ति, मीनाक्षी कृष्णा और माया सहित जयपुर से आई हरिभक्तों की पूरी टीम , प्रमुख दानदाता एवं मंदिर परिवार रामौतार अग्रवाल गुढावाला, प्रदीप पाटोदिया, डॉ.डीएन तुलस्यान, हरिश तुलस्यान, बंटी खंडेलिया, दिनेश ढंढारिया, सुभाष गुप्ता हंसासरिया सहित नगर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक और भक्तजन। यह केंद्र आने वाले समय में झुंझुनूं में संस्कार, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का मुख्य केंद्र सिद्ध होगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!