उद्यान विभाग के नए भवन का लोकार्पण

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): उप निदेशक उद्यान विभाग को सोमवार को अपना स्थायी कार्यालय भवन मिल गया। छह कमरों और एक बड़े हॉल से सुसज्जित नवीन भवन का लोकार्पण विधायक राजेंद्र भांबू एवं जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि नए भवन के निर्माण से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा किसानों को योजनाओं और तकनीकी मार्गदर्शन का बेहतर लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने और किसानों के साथ विभाग के सीधा संवाद स्थापित करने में यह भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा आंदोलन है। पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन में किसानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आह्वान किया कि अभियान को निर्धारित अवधि तक सीमित न रखकर प्रत्येक व्यक्ति अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए। जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने कहा कि नए भवन से किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पानी का सदुपयोग करें, दुरुपयोग नहीं। प्रकृति में संतुलन बनाए रखने के लिए जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस अवसर पर वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत प्रगतिशील किसानों की संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने किसानों को ‘पर ड्रॉप, मोर क्रॉप’ की अवधारणा समझाते हुए पानी की प्रत्येक बूंद से अधिकतम उत्पादन प्राप्त करने की तकनीकों की जानकारी दी तथा सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में लघु एवं सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों तथा सौर ऊर्जा संयंत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। किसानों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर आधुनिक जल संरक्षण तकनीकों और कृषि नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने वाले किसानों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ किसानों को चंदन के पौधे वितरित किए गए। दीपिका नर्सरी, सोलाना द्वारा किसानों को चंदन के पौधे उपलब्ध कराए गए। समारोह में उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ.विजय पाल कस्वा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ.राजेंद्र लांबा, सहायक निदेशक सुमन कस्वा, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.दयानंद, कृषि विस्तार उपनिदेशक डॉ.संध्या ढाका, कृषि अधिकारी डॉ.सुनील कुमार खालिया, डॉ.मुकेश चाहर, डॉ.रवि रेपसवाल, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक बृजेंद्र राठौर, वंदे गंगा अभियान के समन्वयक विशंभर पूनिया, संयोजक राकेश शर्मा, अरूणा सिहाग, दलिप सैनी, पुरुषोत्तम खाजपुरिया सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद फगेड़िया ने किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!