झुंझुनूं/मलसीसर (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): उप जिला अस्पताल में सोमवार को क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले भामाशाहों के सम्मान में भव्य "भामाशाह सम्मान समारोह" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.छोटेलाल गुर्जर ने भामाशाह के रूप में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में योगदान देने वाले भामाशाहों का सम्मान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ.छोटेलाल गुर्जर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों को समाज के दानवीरों का सहयोग नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भामाशाहों द्वारा उपलब्ध कराए गए आधुनिक चिकित्सा उपकरण और संसाधन केवल मशीनें नहीं, बल्कि हजारों मरीजों के लिए बेहतर उपचार और नई उम्मीद का माध्यम हैं। उन्होंने सभी दानदाताओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर अतिथियों ने सभी भामाशाहों का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया। बीसीएमओ डॉ.अशोक सैनी ने बताया कि दानदाताओं के सहयोग से अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है, जिससे अब गंभीर रोगों की जांच, उपचार और आपातकालीन सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी।
*अस्पताल को मिले आधुनिक संसाधन*
समारोह में अस्पताल के विकास में योगदान देने वाले प्रमुख भामाशाहों का विशेष सम्मान किया गया। इनमें श्याम सेवा समिति द्वारा 10 बेड, गद्दे एवं ईसीजी मशीन, शांग्रिला कॉर्पोरेट सर्विसेज मुंबई द्वारा फुली ऑटोमैटिक एनालाइजर, मल्टी पैरा मॉनिटर एवं डिफिब्रिलेटर, राधा-कृष्ण जगनानी (मुंबई) द्वारा अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन तथा श्री गंगाब्रह्म सेवा समिति कोलकाता द्वारा बाईपैप, सीबीसी मशीन एवं मॉनिटर उपलब्ध कराए गए।
इसके अतिरिक्त हाजी अब्दुल गफूर एवं परिवार ने बेड, आरओ सिस्टम एवं कूलर की व्यवस्था की, हाजी भीलू खां ट्रस्ट ने मोर्चरी हेतु डीप फ्रीजर उपलब्ध कराया तथा इस्कान इन्फ्रा एवं श्रीराम करण तेतरवाल द्वारा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, मॉनिटर एवं नेबुलाइजर मशीनें भेंट की गईं।
समारोह में उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं चिकित्सा कर्मियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सभी भामाशाहों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के अंत में पीएमओ डॉ.सत्यवीर ने सभी अतिथियों, दानदाताओं एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और चिकित्सा विभाग के सामूहिक सहयोग से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हैं।