कोटपूतली (ईशाक खान): कोटपुतली में स्टांप विक्रेता कमल कुमार सैनी के घर हुई चोरी की घटना का पुलिस द्वारा अब तक खुलासा नहीं किए जाने के विरोध में सोमवार को स्टांप विक्रेता संगठन, जिला अभिभाषक संघ एवं राजस्व अधिवक्ताओं के नेतृत्व में तहसील परिसर कोटपूतली में अनिश्चितकालीन धरना एवं कार्य बहिष्कार शुरू किया गया। स्टांप विक्रेता संगठन के अध्यक्ष मनोज देवी मीणा की अध्यक्षता में आयोजित विरोध प्रदर्शन में डीड राइटर्स, स्टांप विक्रेताओं और अधिवक्ताओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि चोरी की घटना को काफी समय बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे आमजन में रोष व्याप्त है। धरने को जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष बजरंग लाल शर्मा, पूर्व अध्यक्ष उदय सिंह तंवर, सचिव मुकेश कुमार यादव तथा स्टांप विक्रेता संगठन के संयोजक केएम बंसल सहित कई अधिवक्ताओं एवं स्टांप विक्रेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता, डीड राइटर और स्टांप विक्रेता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक चोरी की घटना का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना और कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
चोरी का खुलासा नहीं होने पर स्टांप विक्रेताओं व अधिवक्ताओं का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू
By -
June 15, 2026
0
Tags: