कोटपूतली (ईशाक खान): जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने सोमवार को नगर परिषद परिसर कोटपूतली में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। जिला कलक्टर ने शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जायें। उन्होंने कहा कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य पात्र व्यक्तियों तक सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सरल, सहज एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने के साथ ही प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आमजन को विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। शहरी सेवा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही आवेदन प्राप्त कर उनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। नागरिकों ने शिविर के माध्यम से मिल रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की। इस दौरान नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, नगर परिषद सचिव अभिषेक सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
3/related/default