रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): जालोर कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती रमीला मेघवाल के निर्देशानुसार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस रानीवाड़ा ब्लॉक के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ब्लॉक अध्यक्ष वरधाराम माली के नेतृत्व में उपखंड कार्यालय पहुंचकर उपखंड अधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हाल ही में आयोजित नीट यूजी परीक्षा में सामने आए प्रश्न-पत्र लीक प्रकरण को छात्रों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ बताते हुए मामले की सीबीआई से उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा परीक्षा को निरस्त कर पुनः आयोजित करवाने की मांग की गई। साथ ही रानीवाड़ा क्षेत्र में बढ़ते पेयजल संकट के स्थायी समाधान की मांग करते हुए जल जीवन अभियान एवं नर्मदा नहर की डी-4 एवं डी-8 परियोजना के माध्यम से प्रत्येक गांव-ढाणी तक शीघ्र पेयजल आपूर्ति शुरू करवाने की मांग रखी गई। ज्ञापन में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने तथा उपभोक्ताओं को औसत के बजाय वास्तविक खपत के आधार पर बिजली बिल जारी करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अंबालाल चितारा, राजीव गांधी पंचायती राज प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष मंगला राम देवासी पाल, चंदन सिंह, रघुवीर सिंह, आदिवासी नेता अशोक कुमार राणा, कृष्ण पुरोहित रोड़ा, कृष्ण देवासी, अचला राम माली, पारसमल जीनगर, महबूब खान, हुसैन खां, सज्जू भाई दहीपूर, आसु सोलंकी, राजेंद्र चौधरी, हरेश भील तथा एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी 15 दिनों में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन की एक प्रति आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला कलेक्टर जालोर को भी प्रेषित की गई।
नीट प्रश्न-पत्र लीक मामले में सीबीआई जांच व रानीवाड़ा में व्याप्त बिजली-पानी संकट के समाधान को लेकर कांग्रेस ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
By -
June 01, 2026
0
Tags: