रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): महिला सुरक्षा को लेकर सक्रिय कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-02 की तत्परता से शनिवार को रानीवाड़ा क्षेत्र में एक महिला को घरेलू हिंसा की घटना से बचाया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 मई 2026 को महिला कांस्टेबल सुमित्रा (बेल्ट नंबर 1057) एवं ममता (बेल्ट नंबर 945) क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग गश्त पर थीं। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे टेलीफोन के माध्यम से सूचना मिली कि कोटड़ा गांव में चतरा राम पुत्र पांचाराम मेघवाल (35 वर्ष) शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही महिला कांस्टेबल्स ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी ऑफिसर को अवगत कराया तथा डीओ पब्बाराम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। मौके पर आरोपी नशे की हालत में मिला तथा हंगामा कर रहा था। पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी को शांति भंग करने के आरोप में बीएनएसएस की धारा 126 एवं 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया। वहीं पीड़ित महिला को आवश्यक प्राथमिक सहायता उपलब्ध करवाई गई। थाना रानीवाड़ा पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कालिका यूनिट की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील कार्यप्रणाली को लेकर पुलिस विभाग की इस पहल को सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
पत्नी से मारपीट कर रहा शराबी पति गिरफ्तार, कालिका यूनिट की तत्परता से टली बड़ी घटना
By -
June 01, 2026
0
Tags: