निवाई (लालचंद माली): तहसील क्षेत्र के ग्राम आलियाबाद में एक स्थानीय किसान के शोषण और कथित दबंगई का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़ित किसान रामजीलाल शर्मा ने बहकवा रोड स्थित एक पत्थर फैक्ट्री संचालकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित किसान का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा केमिकल युक्त प्रदूषित पानी सीधे उसके खेत की ओर छोड़ा जा रहा है, जिससे कभी उपजाऊ रही जमीन अब धीरे-धीरे बंजर होती जा रही है। किसान का कहना है कि खेत के आसपास बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के भारी मात्रा में पत्थर, धूल और औद्योगिक कचरा डाला जा रहा है, जिससे खेती करना लगभग असंभव हो गया है। किसान ने यह भी आरोप लगाया कि फैक्ट्री से निकलने वाला वेस्टेज, उपयोग किए गए दस्ताने, पॉलीबैग सहित अन्य अपशिष्ट सामग्री उसके खेत में फेंकी जा रही है। इतना ही नहीं, खेत तक पहुंचने वाले मुख्य रास्ते को भी बंद कर दिया गया है, जिससे किसान अपने खेत पर आने-जाने और कृषि कार्य करने में असमर्थ हो गया है। पीड़ित परिवार का दावा है कि उनकी जमीन को कम कीमत पर बेचने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है और विरोध करने पर डराने-धमकाने की कोशिश भी की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम से परिवार भय और आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। पीड़ित किसान ने स्थानीय प्रशासन, पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा उसकी जमीन और रास्ता वापस दिलाने की मांग की है।
पत्थर फैक्ट्री पर गंभीर आरोप, प्रदूषित पानी और कचरे से किसान की जमीन बंजर, रास्ता बंद कर दबाव बनाने का दावा
By -
June 29, 2026
0
Tags: