ग्रीष्मकालीन शिविर में विद्यार्थियों ने सीखी सेवा, संस्कार और सृजनात्मकता की सीख

AYUSH ANTIMA
By -
0


पावटा: राजमार्ग स्थित पीएम श्री महात्मा गांधी विद्यालय प्रागपुरा में प्राचार्य विपिन कुमार मामोड़िया की अध्यक्षता में आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन समाज सेवा शिविर एवं अभिरुचि शिविर का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन किया गया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक सेवा, स्वच्छता, योग, खेलकूद तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ग्रीष्मकालीन समाज सेवा शिविर प्रभारी व्याख्याता प्रकाशचंद कसाना ने बताया कि शिविर में कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, कक्षाओं एवं छतों की स्वच्छता, पेड़-पौधों की देखरेख, खेल गतिविधियों, योग-व्यायाम तथा गांव के सार्वजनिक स्थलों की सफाई जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों ने समाज सेवा की भावना के साथ इन कार्यों को पूर्ण समर्पण से संपन्न किया। वहीं अभिरुचि शिविर प्रभारी श्रीमती रजनी वाला योगी के निर्देशन में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को योग, प्राणायाम, नृत्य, गायन, डिजिटल साक्षरता, इंडोर एवं आउटडोर खेल, टीएलएम निर्माण, निबंध लेखन, पेंटिंग, रंगोली, रोल प्ले सहित अनेक रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को नई दिशा प्रदान की। समापन समारोह में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। पूर्व सरपंच श्रीमती एलन स्वामी ने विद्यार्थियों द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों एवं रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। समारोह के अंत में विद्यार्थियों को भविष्य में भी समाज सेवा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने का संदेश देते हुए शिविर के सफल समापन की घोषणा की गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!