महाराणा प्रताप जयंती व हल्दीघाटी विजय दिवस के उपलक्ष्य पर ग्राम बसई में हुआ साहित्यिक संगोष्ठी का आयोजन

AYUSH ANTIMA
By -
0


बसई/बहरोड़: अखिल भारतीय साहित्य परिषद, जिला इकाई कोटपूतली-बहरोड़ के तत्वावधान में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती एवं हल्दी घाटी विजय दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को बसई (बहरोड़) स्थित महाराणा प्रताप स्मारक पर भव्य साहित्यिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। आयोजन में वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप विकास समिति की महती भूमिका रही। संगोष्ठी महंत श्री रामूदास जी महाराज के पावन सानिध्य में हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष धूड़ाराम पदम् द्वारा की गई, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी उमेद भाया, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश संयुक्त मंत्री ओमप्रकाश भार्गव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती वंदना एवं जिला उपाध्यक्ष डॉ.अशोक मिश्र द्वारा प्रस्तुत सुमधुर परिषद गीत द्वारा किया गया। संगोष्ठी में जिले के ख्यातनाम साहित्यकारों एवं कवियों ने गीतों, कविताओं, मुक्तक, दोहो व तथ्यात्मक परिचर्चा द्वारा महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और स्वाभिमान पर ओजपूर्ण भाव व्यक्त किए। साहित्यकार गुरुदयाल भारती, कमल नयन शर्मा, धूड़ाराम पदम्, डॉ.सविता गोस्वामी, डॉ.नीलम यादव, सुनील कुमार शर्मा, धर्मपाल धर्म, महावीर प्रसाद शर्मा एवं धर्मवीर सिंह यादव ने वीर रस की कविताओं से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। युवा कवि राहिल साधक एवं कुमारी अक्षरा गोयल की प्रस्तुतियों को भी श्रोताओं ने खूब सराहा। मुख्य अतिथि उमेद भाया ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन चरित्र आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए जो त्याग किया, वह अद्वितीय है। ओमप्रकाश भार्गव ने कहा कि साहित्य समाज को दिशा देता है और ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य होता है। वहीं महंत रामूदास जी महाराज ने आशीर्वचन में कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति के रक्षक थे। उनका जीवन हमें सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म और राष्ट्र से समझौता नहीं करना चाहिए। वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप विकास समिति के कैप्टन पूर्णसिंह, सूबेदार कृष्ण सिंह, कैप्टन सवाई सिंह, नौरंग सिंह एवं समिति के अग्रणीय कार्यकर्ताओं द्वारा सभी व्यवस्थाएँ व साहित्यकारों का सम्मान किया गया। जिला महामंत्री डॉ.सविता गोस्वामी द्वारा सभी समिति सदस्यों, ग्रामवासियों व साहित्यकारों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ.अशोक कुमार मिश्र के द्वारा सुचारु रूप से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कमलेश सोनी, राजेश बैराठी, डॉ.पीयूष गोस्वामी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, साहित्य प्रेमी एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!