हरिद्वार/झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): हरिद्वार के भूपतवाला स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट आश्रम में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज, साध्वी ऋतंभरा, महामंडलेश्वर अर्जुन दास स्वामी सहित देशभर से आए अनेक संत-महात्माओं ने भाग लिया। राजस्थान क्षेत्र का प्रतिनिधित्व महामंडलेश्वर डॉ.अर्जुन दास स्वामी श्री दादू द्वारा बगड़ ने किया। उन्होंने हिन्दू समाज की एकता, संस्कृति संरक्षण और गौ संवर्धन जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। बैठक में गौ रक्षा के लिए सख्त कानून बनाने, नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने, परिवार व्यवस्था को मजबूत करने तथा मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया। विहिप नेतृत्व ने कहा कि भारतीय परिवार व्यवस्था हिन्दू संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आधुनिक सामाजिक चुनौतियों के बीच मजबूत बनाए रखने की आवश्यकता है। साथ ही युवाओं को संस्कार, धर्म और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने का आह्वान किया गया। बैठक में अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े दान और चढ़ावे के मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठी। विहिप ने स्पष्ट कहा कि दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विहिप और संत समाज के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संतों के मार्गदर्शन से राष्ट्र और समाज को नई दिशा मिलती है। बैठक में हिन्दू समाज की एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया गया।
हरिद्वार में संतों का महासंगम, विहिप बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित
By -
June 20, 2026
0
Tags: