निवाई (लालचंद माली): इंदिरा कॉलोनी स्थित श्याम मंदिर में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर धार्मिक आयोजनों की धूम रही। श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में बाबा श्याम का पंचामृत से भव्य अभिषेक किया गया तथा कोलकाता से मंगवाए गए विशेष सुगंधित पुष्पों से बाबा का आकर्षक एवं नयनाभिराम श्रृंगार किया गया। बाबा श्याम के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सायंकाल सात बजे मंदिर प्रांगण में विशाल भजन संध्या का शुभारंभ हुआ, जिसमें जयपुर के प्रसिद्ध भजन गायक शुभम शर्मा एवं स्थानीय कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायकों ने मेरा श्याम बड़ा रंगीला, कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आनो है, थाली भरकर ल्याई र खीचड़ो ऊपर सूं घी की बाटकी, जिमो जी म्हारा श्याम धणी, मेरा सांवरिया आएगा, हनुमान तुम्हारा क्या कहना, देना हो तो दीजिए जनम-जनम का साथ तथा मेरे सिर पर रख दो बाबा अपने ये दोनों हाथ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते हुए नजर आए और बाबा श्याम के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। भजन संध्या के समापन पर बाबा श्याम की महाआरती कर श्रद्धालुओं को विशेष प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्याम भक्त उपस्थित रहे।
मेरे सिर पर रख दो बाबा अपने ये दोनों हाथ… भजनों की गूंज में श्याममय हुआ शहर
By -
June 26, 2026
0
Tags: