एकांत में बस स्टैंड बनाने की तैयारी पर उठे सवाल: क्या शहर की जीवनरेखा को शहर से काटने की हो रही साजिश

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): शहर से दूर एकांत क्षेत्र स्थित दशहरा मैदान में प्रस्तावित बस स्टैंड निर्माण की चर्चाओं ने शहरवासियों, व्यापारियों, किसानों और यात्रियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। लोगों का कहना है कि यदि शहर की मुख्य गतिविधियों से अलग-थलग स्थान पर बस स्टैंड बनाया गया तो इसका असर केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर की आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों पर भी गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार प्रस्तावित स्थल कृषि मंडी, सब्जी मंडी, मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन, नगर पालिका, कॉलेज तथा औद्योगिक क्षेत्र से काफी दूरी पर स्थित है। ऐसे में लोगों का मानना है कि इससे आमजन को अतिरिक्त समय और आर्थिक भार का सामना करना पड़ेगा।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार से बस स्टैंड दूर होने पर यात्रियों की आवाजाही कम होगी, जिससे दुकानदारों, होटल व्यवसायियों, ठेला संचालकों और छोटे व्यापारियों के कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। कृषि मंडी और सब्जी मंडी से दूरी होने पर किसानों और व्यापारियों को माल ढुलाई में अतिरिक्त खर्च और परेशानी झेलनी पड़ सकती है, वहीं रेलवे स्टेशन से दूरी यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। कॉलेज और औद्योगिक क्षेत्र से दूरी के कारण विद्यार्थियों, कर्मचारियों और श्रमिकों को रोजाना आवागमन में अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ सकता है। लोगों ने यह भी चिंता जताई कि वर्तमान बस स्टैंड अस्पताल के सामने होने से मरीजों और ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलती है। यदि बस स्टैंड शहर से दूर स्थानांतरित किया गया तो विशेष रूप से मरीजों और उनके परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। एकांत क्षेत्र में बस स्टैंड बनने से सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बढ़ने और लूटपाट जैसी घटनाओं की आशंका जताई जा रही है। आमजन का कहना है कि बस स्टैंड केवल यात्रियों के आने-जाने का स्थान नहीं बल्कि शहर की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र होता है। लोगों ने सुझाव दिया कि पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाकर, ठेलों और केबिनों को सुव्यवस्थित कर तथा उपलब्ध सरकारी भूमि का समुचित उपयोग कर आधुनिक बस स्टैंड विकसित किया जा सकता है। शहरवासियों का कहना है कि प्राइवेट वाहनों के लिए अलग स्टैंड, दोपहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाकर पुराने क्षेत्र को ही अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकता है। लोगों का मानना है कि विकास योजनाओं में दूरदर्शिता आवश्यक है और बस स्टैंड का चयन ऐसी जगह होना चाहिए, जहां से शहर के प्रमुख क्षेत्रों तक आवागमन सुगम हो, ताकि विकास के साथ-साथ आमजन की सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा सकें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!