निवाई (लालचंद माली): आगामी मानसून को देखते हुए विद्युत आपूर्ति को निर्बाध और सुरक्षित बनाए रखने के लिए जयपुर विद्युत वितरण निगम ने व्यापक तैयारियों के निर्देश जारी किए हैं। संभागीय मुख्य अभियंता की ओर से जारी आदेश में सभी अधीक्षण अभियंताओं को मानसून के दौरान संभावित बिजली व्यवधानों से निपटने के लिए पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार वृत्त, खंड एवं उपखंड स्तर पर 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किए जाएंगे तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टरवार तय की जाएगी। फील्ड अधिकारियों को मानसून अवधि में मुख्यालय पर उपलब्ध रहकर शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी 33/11 केवी सब-स्टेशनों, फीडरों, वितरण ट्रांसफार्मरों और एचटी-एलटी लाइनों का विशेष निरीक्षण कर तकनीकी खामियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए हैं साथ ही ट्री-ट्रिमिंग अभियान चलाकर विद्युत लाइनों के समीप पेड़ों की शाखाओं की कटाई कराई जाएगी, ताकि तेज बारिश और आंधी के दौरान फॉल्ट की संभावनाओं को कम किया जा सके। इसके अलावा प्रोटेक्शन सिस्टम, रिले, वीसीबी, एबी स्विच और सुरक्षा उपकरणों की जांच के साथ ढीले जम्पर, जर्जर कंडक्टर, क्षतिग्रस्त इंसुलेटर और टूटे विद्युत पोलों को बदलने के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव संभावित क्षेत्रों में स्थापित ट्रांसफार्मरों एवं अन्य विद्युत प्रतिष्ठानों की विशेष निगरानी की जाएगी। मानसून के दौरान किसी भी आपदा या बिजली अवरोध की स्थिति से निपटने के लिए ब्रेकडाउन गैंग और लाइन स्टाफ को पूर्ण संसाधनों के साथ तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पोल, कंडक्टर, इंसुलेटर और ट्रांसफार्मर सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने को कहा गया है। आदेश में सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विद्युत तंत्र की सुरक्षा जांच पर भी विशेष जोर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग और आपदा प्रबंधन इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित कर आपात स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मानसून से पहले बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश, 24 घंटे कंट्रोल रूम रहेंगे सक्रिय
By -
June 26, 2026
0
Tags: