झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 के सफल संचालन के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीएमएचओ डॉ.छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के 1,66,038 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें शहरी क्षेत्र के 36,528 तथा ग्रामीण क्षेत्र के 1,29,510 बच्चे शामिल हैं। अभियान के लिए जिलेभर में 1,551 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इनमें 252 शहरी तथा 1,299 ग्रामीण बूथ शामिल हैं। इसके अलावा 6 रेलवे स्टेशन एवं 20 बस स्टैंड पर ट्रांजिट टीमें तैनात रहेंगी, ताकि यात्रा के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। सीएमएचओ डॉ.गुर्जर ने बताया कि जिले को 109 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 301 सुपरवाइजर, 6,204 वैक्सीनेटर तथा 78 वैक्सीन डिपो बनाए गए हैं। दूसरे एवं तीसरे दिन घर-घर सर्वे के लिए 1,551 टीमों को विभाजित कर 3,102 टीमें बनाई जाएंगी। प्रत्येक टीम लगभग 123 घरों का भ्रमण करेगी तथा प्रतिदिन औसतन 62 से 65 घरों तक पहुंचकर लगभग 107 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आयुर्वेद विभाग, पशुपालन विभाग, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड, एनसीसी, विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, मेडिकल कॉलेज नर्सिंग होम, महिला स्वयं सहायता समूह तथा रोटरी क्लब एवं लायंस क्लब का भी सहयोग लिया जाएगा। डॉ.गुर्जर ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को लेकर झुंझुनूं में व्यापक तैयारियां पूरी
By -
June 26, 2026
0
Tags: