झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): श्री राधेश्याम आर मोरारका राजकीय महाविद्यालय, झुंझुनूं के विद्यार्थियों और वहां आने वाले आगंतुकों के लिए एक सुखद और राहत भरी खबर है। कॉलेज परिसर के पार्क में विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 10 नई सीमेंटेड विश्राम बेंचें स्थापित की गई हैं। इन बेंचों का औपचारिक लोकार्पण 19 जून, शुक्रवार को संपन्न हुआ। यह जनहितैषी पहल लायंस क्लब झुंझुनूं और श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इन बेंचों की स्थापना श्रीमती गिन्नी देवी राधा बल्लभ खेतान चैरिटेबल ट्रस्ट के सौजन्य से संभव हो सकी है। ट्रस्ट के ट्रस्टी परमेश्वर हलवाई ने इस कार्य के लिए न केवल स्वीकृति प्रदान की, बल्कि इसे तत्परता से पूरा करवाया। गौरतलब है कि परमेश्वर हलवाई के मार्गदर्शन में ट्रस्ट द्वारा पिछले कुछ वर्षों से लगातार सामाजिक सरोकारों के तहत महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
*गरिमामय उपस्थिति में हुआ लोकार्पण*
लोकार्पण समारोह में ट्रस्ट के ट्रस्टी परमेश्वर हलवाई, कॉलेज प्राचार्य, लायंस क्लब के सदस्यों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष लायन डॉ.देवेंद्र सिंह शेखावत, सचिव लायन गोपाल कृष्ण गुप्ता, श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के ट्रस्टी डॉ.डीएन तुलस्यान, अध्यक्षीय सलाहकार एमजेएफ लायन नरेंद्र व्यास, उपाध्यक्ष शिव कुमार जांगिड, एमजेएफ लायन रघुनाथ प्रसाद पोद्दार, कैलाश चंद्र सिंघानिया, लायन शिवरतन शर्मा, लायन दयाशंकर अरडावतिया एवं महिपाल सिंह उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त मुरारका कॉलेज के केंद्राधीक्षक यशपाल भामू, प्रोफेसर मानसिंह, सहायक आचार्य डॉ.वेद प्रकाश, डॉ.धर्मवीर जानू, रतन सिंह पायल, संदीप शर्मा, मदन लाल कुमावत, हंसराज, छात्र प्रतिनिधि अमित सहित कॉलेज का अन्य स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन डॉ.डीएन तुलस्यान द्वारा किया गया। कॉलेज प्रशासन ने इस सहयोग के लिए संबंधित संस्थाओं और खेतान ट्रस्ट का हृदय से आभार व्यक्त किया है। प्रबंधन का मानना है कि इन बेंचों के लगने से न केवल पार्क की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि विद्यार्थियों को खुली हवा में बैठकर अध्ययन करने और चर्चा करने के लिए एक बेहतर एवं विद्यार्थी-अनुकूल वातावरण मिलेगा।