बीकानेर: जिले के पूगल तहसील के रामसर छोटा गांव में सोलर प्लांट पर ठेके को लेकर दो पक्षों में टकराव शुरू हो गया है। पुलिस ने सोमवार को धरने पर पहुंचे लोगों का टेंट उखाड़ दिया और पांच प्रदर्शनकारियों को पकड़कर ले गई। एक पक्षीय कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को भानीपुरा के ग्रामीण भी धरने पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास रात तक जारी रहे।रामसर छोटा गांव में राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (आरवीयूएनएल) का 810 मेगावाट का सोलर प्लांट लगाने का काम चल रहा है। इसमें से 410 मेगावाट का ठेका सांगिया राय कंपनी को देने पर विवाद शुरू हो गया। गांव के लोगों ने काम देने की मांग को लेकर प्लांट पर 17 मई को धरना दे दिया। धरने के चलते 27 मई को ग्रामीणों पर हमला भी हुआ।ग्रामीणों ने एसपी को हमलावरों के नाम सहित ज्ञापन दिया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार को पुलिस ने बलपूर्वक टेंट उखाड़ दिए और कुछ लोगों को पकड़कर थाने ले गई। पांच ग्रामीणों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार प्रभावशाली होने के कारण पुलिस दबाव में है। शेर सिंह ने बताया कि प्रदर्शनकारियों में राजूराम, विक्रम सिंह, गोमदराम, ठाकर राम, रूपाराम, रमेश, शीशपाल आदि शामिल हैं।
3/related/default