रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): आगामी मानसून में वर्षा जल के अधिक से अधिक संग्रहण तथा विद्यमान जल स्त्रोतों के रख-रखाव एवं स्वच्छता के लिए जिले में 25 मई से 5 जून तक चलाए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत मंगलवार को श्रमदान, भूजल परिदृश्य, शपथ एवं जल संचयन एवं भूजल रिचार्ज संबंधित संरचनाओं के बारे में विशेष जानकारी देकर आमजन को जागरूक किया गया तथाा बांधों व नहरों की साफ-सफाई करने के साथ ही पूजन गतिविधि का आयोजन किया गया। अभियान के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा बीठन लघु सिंचाई परियोजना (बांध) पर जल उपयोक्ता संगम व स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान किया तथा बांध पर जल पूजन किया गया। वही नोसरा बांध पर पूजन, श्रम दान व कलश यात्रा गतिविधि आयोजित कर जल संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान चितलवाना तहसील स्थित नर्मदा मुख्य नहर पर जल पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण व पौधारोपण करने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर भीमगुड़ा वितरिका के अध्यक्ष भूधाराम बिश्नोई, छोगाराम बिश्नोई, भैराराम बिश्नोई, मांगीलाल सहित विभागीय अधिकारी व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
*बुधवार को इन गतिविधियों का होगा आयोजन*
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत 3 जून, बुधवार को जल संरक्षण के महत्व को लेकर मीडिया राउण्ड टेबल, सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का प्रचार-प्रसार तथा ऊर्जा विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर के आस-पास साफ-सफाई गतिविधि का आयोजन किया जाएगा।