पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बिरला स्कूल पिलानी के शिक्षा विशेषज्ञ एवं अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक प्रशिक्षक राजन शर्मा ने नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन एवं विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों में भाग लेकर पिलानी एवं राजस्थान का नाम रोशन किया। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें ग्लोबल एजुकेशन आइकॉन अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। काठमांडू में आयोजित सम्मेलन में राजन शर्मा ने शिक्षा के समक्ष वैश्विक चुनौतियाँ एवं उनके समाधान, भविष्य की शिक्षा तथा भारतीय शिक्षा को वैश्विक उत्कृष्ट प्रथाओं से जोड़ने की आवश्यकता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन, करियर और वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है। नेपाल प्रवास के दौरान शर्मा ने विभिन्न प्रांतों से आए प्राचार्यों, शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को संबोधित किया। उन्होंने अनुभवात्मक अधिगम, संचार कौशल, नवाचार आधारित शिक्षण तथा भविष्य के कौशलों पर चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए करियर, नेतृत्व और संचार कौशल पर मार्गदर्शन दिया। सम्मेलन में उनके विचारों को शिक्षाविदों और प्रतिभागियों ने सराहा। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान तथा शिक्षक प्रशिक्षण के माध्यम से हजारों शिक्षकों तक पहुंच बनाने के प्रयासों को देखते हुए उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। राजन शर्मा ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। दोनों देशों के शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच संवाद से शिक्षा को नई दिशा मिल सकती है। पिलानी तथा शेखावाटी एवं राजस्थान के लिए यह गौरव का विषय है कि यहां की धरती से जुड़े एक शिक्षाविद् ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई और भारतीय शिक्षा की सकारात्मक छवि प्रस्तुत की। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षाविदों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
नेपाल में चमकी पिलानी की प्रतिभा: राजन शर्मा को मिला ग्लोबल एजुकेशन आइकॉन अवॉर्ड
By -
June 18, 2026
0
Tags: