निवाई (लालचंद माली): शहर में बिजली व्यवस्था को लेकर बिजली विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है। बीती रात करीब 1 बजे से शहर के आधा दर्जन से अधिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रभावित क्षेत्रों में रेलवे स्टेशन क्षेत्र, दीनदयाल कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, जिरात रोड, विकास कॉलोनी सहित अन्य इलाके शामिल रहे। हैरानी की बात यह है कि बिजली गुल होने के समय और अवधि को लेकर विभाग के ही अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान आपस में टकराते नजर आए। जानकारी के अनुसार विभाग की एफआरटी टीम ने रात 1 बजे से कई क्षेत्रों की बिजली बंद होने की बात कही, जबकि विभाग के जेईएन द्वारा सुबह आठ बजे से बिजली बाधित होने का दावा किया गया। अब बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि आखिर दोनों में से कौन सही जानकारी दे रहा है और कौन आमजन को गुमराह कर रहा है। यदि एफआरटी टीम का दावा सही है तो जेईएन का बयान सवालों के घेरे में आता है, और यदि जेईएन का दावा सही माना जाए तो एफआरटी टीम द्वारा गलत जानकारी क्यों दी गई। बिजली कटौती से परेशान लोगों का कहना है कि विभाग समस्या समाधान से ज्यादा आंकड़ों और दावों के खेल में उलझा दिखाई दे रहा है। आमजन का सवाल है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी वास्तविक स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं कर रहे हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि विभाग के उच्च अधिकारी इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हैं या नहीं, और क्या विरोधाभासी जानकारी देकर जनता को भ्रमित करने वाले जिम्मेदार कर्मियों पर कोई कार्रवाई होगी या फिर मामला कागजों में ही दबकर रह जाएगा।
रातभर अंधेरे में डूबा आधा शहर, बिजली विभाग के दावों में बड़ा विरोधाभास! आखिर कौन बोल रहा झूठ
By -
June 22, 2026
0
Tags: