प्रागपुरा में पानी के विवाद में खूनी संघर्ष, छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से काटकर बड़े भाई को उतारा मौत के घाट

AYUSH ANTIMA
By -
0


पावटा (राहुल शर्मा): प्रागपुरा थाना क्षेत्र के बेरीबांध गांव में पानी के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शुक्रवार रात छोटे भाई ने अपने परिवार के साथ मिलकर बड़े भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए दूसरे भाई के सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार कर उसे गंभीर घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

*टंकी पर पानी पीने को लेकर हुआ विवाद*  

थाना प्रभारी भजनाराम ने बताया कि घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे दयाराम सिंह की ढाणी, बेरीबांध की है। मृतक की पहचान अशोक कुमार (58) के रूप में हुई है। अशोक के बेटे अमित सिंह (32) ने मामला दर्ज कराया है। अमित ने पुलिस को बताया कि उसके पिता अशोक कुमार रात 9 बजे घर के बाहर टंकी पर पानी पी रहे थे। इसी दौरान चाचा मुकेश सिंह अपने बेटे श्याम सुंदर, संदीप सिंह और पत्नी कुसुम कंवर के साथ कुल्हाड़ी और फरसा लेकर आए। उन्होंने ‘पानी ज्यादा काम में लेने’ की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।

*भागते हुए पिता पर किया ताबड़तोड़ वार*  

विवाद बढ़ने पर चारों ने मिलकर अशोक पर हथियारों से ताबड़ तोड़ हमला कर दिया। जान बचाने के लिए अशोक घर की तरफ भागे, लेकिन हमलावर पीछे-पीछे दौड़े और घर के आगे ही उन्हें गिराकर कुल्हाड़ी से कई वार किए। लहूलुहान अशोक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

*ताऊ को बचाने आए भाई पर भी हमला*  

चीख-पुकार सुनकर बचाने आए ताऊ उम्मेद सिंह पर भी आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

*आरोपी फरार, टीमें गठित*  

घटना के बाद से आरोपी मुकेश सिंह, उसकी पत्नी कुसुम कंवर व दोनों बेटे श्याम सुंदर और संदीप सिंह फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। प्रागपुरा थाने में हत्या व जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!