कोटपूतली-बहरोड़ (राहुल शर्मा): कोटपूतली थाना पुलिस को अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान स्कॉर्पियो सवार पांच युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।
*नाकाबंदी में पकड़े गए आरोपी*
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह (आईपीएस) ने बताया कि 10 जून 2026 को पुलिस थाना कोटपूतली की टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। गाड़ी में सवार पांचों युवकों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने पांचों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
*पूछताछ जारी, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस*
एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ये हथियार कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने वाले थे। आशंका है कि पूछताछ में अवैध हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
*आर्म्स एक्ट में केस दर्ज*
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा सकें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।