झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सनातन संस्कृति में तुलसी के महत्व और इसके औषधीय गुणों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से झुंझुनू में एक सराहनीय पहल की शुरुआत होने जा रही है। श्रीमती गिन्नी देवी राधा वल्लभजी खेतान चैरिटेबल ट्रस्ट झुंझुनू के सहयोग से लायंस क्लब झुंझुनू एवं श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 1 जुलाई से 'तुलसा वितरण अभियान' का शुभारंभ किया जाएगा।
'हर घर में तुलसी का वासा, रहे सदा नरहरि के पासा'—इस पावन भावना को आत्मसात करते हुए आयोजक संस्थाओं का लक्ष्य है कि शहर के हर घर में तुलसी का पौधा उपलब्ध हो, ताकि पर्यावरण शुद्धता के साथ-साथ आध्यात्मिक वातावरण भी बना रहे। अभियान के शुभारंभ से पूर्व खेतान ट्रस्ट के ट्रस्टी परमेश्वर हलवाई एवं श्रीमती यशोदा हलवाई द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तुलसी के गमलों की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
डॉ.डीएन तुलस्यान ने जानकारी दी कि शहर के विभिन्न मोहल्लों और हिस्सों में ई-रिक्शा के माध्यम से तुलसी लगे गमले घर-घर तक पहुँचाए जाएंगे।
*संस्थाओं की निरंतर सेवा भावना*
यह आयोजन केवल एक बार की गतिविधि नहीं है। गत वर्षों में भी इन संस्थाओं द्वारा हजारों की संख्या में तुलसी के पौधे वितरित किए गए हैं। श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्थान का सामाजिक योगदान अत्यंत व्यापक रहा है। यह अभियान पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और परोपकार की भावना को कम्युनिटी में और अधिक मजबूत करेगा।