बहरोड़: कदम्ब डेवलपमेंट एंड रिसर्च फाउंडेशन, बहरोड़ द्वारा संचालित "एक कदम जीवन की ओर" अभियान के तहत राजकीय विशम्भर दयाल चिकित्सालय, बहरोड़ में मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए गर्मी और स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर संस्था द्वारा अस्पताल को पोस्टमार्टम के उपरांत पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखने एवं परिजनों तक गरिमापूर्ण ढंग से पहुँचाने के लिए बॉडी कवर भी उपलब्ध कराए गए। संस्था अध्यक्ष एडवोकेट अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि वितरण की गई सामग्री में पाउडर, टूथपेस्ट, साबुन, पेपर सोप, नेल कटर, सरसों का तेल, सर्फ, रूमाल, हाथ पंखा, मुरमुरे, चने के पैकेट, ठंडा पेय आदि शामिल रहे। साथ ही अस्पताल की आवश्यकता को देखते हुए बॉडी कवर भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि उपचार के लिए आने वाले कई मरीज एवं उनके परिजन आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों से गुजरते हैं तथा कई दिनों तक अस्पताल परिसर में ही रहने को विवश होते हैं। ऐसे समय में दैनिक उपयोग की ये आवश्यक वस्तुएँ उनके लिए राहत, सुविधा और आत्मीय सहयोग का माध्यम बनती हैं। संस्था के संस्थापक बर्बरीक अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि स्वच्छता, संवेदनशीलता और मानवीय गरिमा का संदेश देना है। उन्होंने जानकारी दी कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर पोस्टमार्टम के बाद उपयोग में आने वाले बॉडी कवर कदम्ब डेवलपमेंट एंड रिसर्च फाउंडेशन, बहरोड़ द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे तथा उनसे संबंधित समस्त व्यय संस्था द्वारा वहन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल प्रशासन अथवा परिजन फाउंडेशन से संपर्क कर यह सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। संस्था की निर्देशिका शिल्पा अग्रवाल ने कहा कि सेवा का उद्देश्य केवल सहायता देना नहीं, बल्कि यह विश्वास जगाना भी है कि कठिन परिस्थितियों में समाज एक-दूसरे के साथ खड़ा है। स्वच्छता स्वास्थ्य की सुरक्षा करती है और संवेदनशीलता मन को संबल देती है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी सामर्थ्य के अनुसार किसी जरूरतमंद का हाथ थाम ले, तो मानवता का यह कारवाँ और मजबूत हो सकता है। संस्था के सचिव दिव्यम अग्रवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए राजकीय विशम्भर दयाल चिकित्सालय, बहरोड़ के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों एवं संस्था परिवार का सहयोग हेतु हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहल समाज में सेवा और सहभागिता की भावना को और मजबूत करेगी तथा अधिक से अधिक लोग ऐसे जनहितकारी कार्यों में आगे आएंगे।
कदम्ब का स्पर्श: अस्पताल में स्वच्छता का संदेश, गर्मी में राहत और सम्मान की सौगात
By -
June 13, 2026
0
Tags: