नीमराना (रिंकू बड़सीवाल): मुंडावर विधायक ललित यादव ने राजकीय ब्लॉक आयुष चिकित्सालय नीमराना का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं निर्माणाधीन भवन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य में पाई गई खामियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। विधायक ने कहा कि जनता के धन से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने निर्माणाधीन भवन में सामने आई कमियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए तथा आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र करवाने को कहा। निरीक्षण के दौरान विधायक ने चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था, स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सेवाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर विधायक ललित यादव ने चिकित्सालय स्टाफ एवं उपस्थित ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सरकारी कार्यों को अपने घर के कार्य की तरह जिम्मेदारी, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब सभी लोग अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे, तभी सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का पूरा लाभ आमजन तक पहुंच सकेगा।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव विधायक के समक्ष रखे, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।