निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की दीवार ढही

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (जय नारायण बिस्सा): शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र के नोखा रोड स्थित हंसा गेस्ट हाउस के सामने एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की दीवार देर रात अचानक ढह गई। करीब दो बजे हुई इस घटना के समय सड़क और आसपास लोगों की आवाजाही नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि मलबे की चपेट में आने से आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीवार गिरने के बाद भारी मात्रा में मलबा गली में फैल गया, जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

*चेतावनी को किया नजरअंदाज*

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि उक्त स्थान पर निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत का कार्य लंबे समय से चल रहा था और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठाए गए थे। मोहल्लेवासियों का कहना है कि उन्होंने भवन मालिक को निर्माण की मजबूती और सुरक्षा को लेकर कई बार आगाह किया था, लेकिन चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया गया। लोगों का आरोप है कि कमजोर निर्माण के कारण ही दीवार ढहने जैसी घटना सामने आई है, जिससे भविष्य में और भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

*आसपास के मकानों को नुकसान*

दीवार गिरने से आसपास के कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। मलबा घरों की दीवारों और बाहरी हिस्सों तक पहुंच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय कोई व्यक्ति मलबे की चपेट में नहीं आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन के समय होता तो गली में आने-जाने वाले लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

*शेष भवन को लेकर बनी हुई है चिंता*

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार इमारत का जो हिस्सा अभी खड़ा हुआ है, वह भी असुरक्षित दिखाई दे रहा है। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से तत्काल भवन की तकनीकी जांच करवाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासी प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!