बीकानेर (जय नारायण बिस्सा): जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूणकरणसर क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित हंसेरा नहर के पास संचालित सरदारी होटल से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान नापासर के रामसर निवासी मुनीराम जाट को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 7 किलो 800 ग्राम डोडा-पोस्त चूरा, 70 पव्वे देशी शराब तथा अवैध बिक्री से प्राप्त 18 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई बीकानेर रेंज के आईजी ओम प्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और भी कार्रवाई की जा सकती है।
3/related/default