बीकानेर (जय नारायण बिस्सा): पिछले दो दिनों से तेज तपन के बीच बीकानेर में बुधवार देर रात मौसम ने अचानक पलटा खाया। रात करीब 11 बजे शहर और आसपास के इलाकों में तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई, जो करीब आधे घंटे तक जारी रही। मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली लेकिन कई जगह पेड़ गिरने, बिजली के पोल गिरने के समाचार भी है। तेज हवाओं और तूफान के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से नुकसान की सूचनाएं मिली हैं। कई जगह पेड़ गिर गए और बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। नापासर क्षेत्र में बुधवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने बिजली विभाग को भारी नुकसान पहुंचाया है। तूफान की तेज रफ्तार हवाओं के कारण नापासर सहित मूंडसर, सूरतसिंह पुरा, केसर देसर, तेजरासर और बाधनू गांवों में 100 से अधिक नए बिजली के पोल टूटकर गिर गए। इससे विभाग को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। सहायक अभियंता नापासर कपिल गुप्ता ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से विभाग के कर्मचारी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए नए पोल खड़े करने का कार्य कर रहे थे। अधिकांश पोल हाल ही में लगाए गए थे, लेकिन बुधवार रात आए तेज तूफान ने विभाग की पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। तेज हवाओं के दबाव को पोल सहन नहीं कर सके और कई स्थानों पर टूटकर धराशायी हो गए। गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक आंकलन के अनुसार विभाग को करीब 7 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इसके अलावा पोलों को दोबारा स्थापित करने और विद्युत व्यवस्था को सुचारू करने में अतिरिक्त समय व संसाधन भी लगेंगे। विभागीय टीमें गुरुवार सुबह से ही क्षतिग्रस्त स्थलों का सर्वे कर मरम्मत कार्य में जुट गई हैं।
*बारिश से पहले प्रदेश में सबसे गर्म रहा बीकानेर*
मौसम विभाग के अनुसार बारिश से पहले बुधवार को बीकानेर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। जिले का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। दिनभर तेज गर्मी के बाद देर रात अचानक आसमान में बादल छा गए। इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में तेज तूफान भी चला, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है।
*एक घंटे बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति*
बिजली विभाग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत का काम शुरू किया। विभाग के अनुसार करीब एक घंटे बाद अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे लोगों को राहत मिली।देर रात हुई बारिश और तेज हवाओं के बाद मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव बना रह सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।