कोटपुतली। (ईशाक खान): क्षेत्र के मरीजों के लिए चिकित्सा सेवाओं से जुड़ी एक बेहद राहत भरी खबर है। जिले के सबसे बड़े राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल में अब मरीजों को चर्म रोग एवं रति रोग से संबंधित विशेष चिकित्सा सेवाएं मिलनी शुरू हो गई हैं। राज्य सरकार ने मेडिकल ऑफिसर डॉ. रिंकू गुर्जर को कोटपुतली जिला अस्पताल में तैनात किया है, जिन्होंने आधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। शुक्रवार को पीएमओ डॉ.पुष्कर राज गुर्जर ने उन्हें कार्यभार ग्रहण करवाया। डॉ. रिंकू गुर्जर राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल के इतिहास की पहली महिला डर्मेटोलॉजिस्ट (चर्म एवं रति रोग विशेषज्ञ) हैं। उनकी इस नियुक्ति से कोटपुतली और आसपास के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को बहुत बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब मरीजों को खाज-खुजली, एलर्जी, सोरायसिस, अन्य गंभीर चर्म रोगों और रति रोगों के इलाज के लिए जयपुर या दिल्ली जैसे बड़े शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। डॉ.रिंकू गुर्जर के बीडीएम अस्पताल में कार्यभार संभालने पर अस्पताल स्टाफ, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है। लोगों का मानना है कि उनके आने से कोटपुतली जिला अस्पताल की सेवाओं में एक नया और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा है।
*बेहतरीन शैक्षणिक और अनुभव का रिकॉर्ड*
डॉ.रिंकू गुर्जर का मेडिकल बैकग्राउंड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित 'आर्मी मेडिकल कॉलेज' से अपनी एमबीबीएस की डिग्री पूरी की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के प्रसिद्ध 'वीएमएमसी सफदरजंग अस्पताल' से एमडी (Skin & V.D.) की उच्च शिक्षा हासिल की। सबसे पहले 1 वर्ष तक भीलवाड़ा मेडिकल कॉलेज में सेवायें प्रदान की और अभी पिछले पिछले 03 वर्षों से धौलपुर के बाड़ी जिला अस्पताल में कार्यरत थीं।
*चिकित्सा क्षेत्र में समर्पित है यह परिवार*
खास बात यह है कि डॉ.रिंकू गुर्जर कोटपुतली के ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.धर्मेंद्र की धर्मपत्नी हैं। डॉ.धर्मेंद्र ने करीब 04 महीने पहले ही कोटपुतली बीसीएमओ की कमान संभाली है। उनके पदभार ग्रहण करने के बाद से ही कोटपुतली ब्लॉक की स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार और प्रगति देखने को मिली है। अब डॉ.रिंकू गुर्जर की नियुक्ति से इस चिकित्सा दंपती की जोड़ी कोटपुतली क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करेगी।
*सुप्रसिद्ध राजनैतिक व सामाजिक परिवार से है नाता*
मेडिकल ऑफिसर डॉ.रिंकू गुर्जर का नाता पड़ोसी राज्य हरियाणा के एक बेहद प्रतिष्ठित राजनैतिक और सामाजिक परिवार से है। वह हरियाणा की सुप्रसिद्ध समाजसेविका सावित्री देवी गुर्जर की पुत्रवधू हैं। सावित्री देवी वर्तमान में हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की उप जिला प्रमुख हैं और पूरे क्षेत्र में उनका बड़ा नाम है। वह सामाजिक और धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेती हैं और समाज सेवा के क्षेत्र में उनकी एक विशिष्ट पहचान है।