नई दिल्ली/जयपुर (जयबीर सिंह): राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर राजस्थान के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक मजबूत बनाने तथा किसानों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त एवं सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे अहम मुद्दों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और आमजन के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा किसानों की आवश्यकताओं को समय पर पूरा करने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग पर भी चर्चा की।
बैठक में राजस्थान में स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास, चिकित्सा संस्थानों के सुदृढ़ीकरण तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विशेष रूप से विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए तथा राजस्थान के विकास के लिए भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की।