रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): जालोर पुलिस के मिशन महिला सुरक्षा अभियान के तहत 10 जून 2026 को पंचायत समिति सभागार में नारी सशक्तिकरण चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विकास अधिकारी हेमलता विश्नोई ने की। इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू प्रतिभा, महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक, नया आगाज संस्थान बाड़मेर द्वारा संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र रानीवाड़ा की प्रभारी संतोष शर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनियां, ग्राम साथिनें, महिला समूहों की सदस्याएं, ग्रामीण महिलाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संतोष शर्मा ने कहा कि नारी सशक्तिकरण चौपाल का उद्देश्य गांव की अंतिम पंक्ति में बैठी प्रत्येक महिला को उसके कानूनी अधिकारों, नए कानूनों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने महिलाओं से राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करने तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी अपने पास रखने की अपील की। चौपाल के दौरान दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न तथा पॉक्सो एक्ट से संबंधित कानूनी प्रावधानों की सरल भाषा में जानकारी दी गई। महिलाओं को सुरक्षा, जागरूकता और कानूनी सहायता प्राप्त करने के विभिन्न माध्यमों के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित हेल्पलाइन और पुलिस सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
नारी सशक्तिकरण चौपाल में महिला सुरक्षा व कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
By -
June 11, 2026
0
Tags: