डूबे दूसरे युवक का भी शव बरामद

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर: जिले के महाजन क्षेत्र में कंवरसेन वितरिका नहर में डूबे दोनों युवकों के शव आखिरकार एसडीआरएफ की मदद से बरामद कर लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि दूसरे युवक का शव करीब सात से आठ किमी दूरी पर मिला। बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने के बाद एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम दूसरे युवक की तलाश में जुटी रही। जानकारी के अनुसार महाजन निवासी दिनेश मेघवाल पुत्र सुरजाराम मेघवाल और जगदीश मेघवाल मंगलवार दोपहर कंवरसेन वितरिका नहर में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा खोज अभियान शुरू किया गया।

*सुबह मिला पहला शव, रात को मिला दूसरे युवक का भी शव*

मंगलवार देर शाम तक चले तलाशी अभियान में सफलता नहीं मिलने पर बुधवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अभियान के दौरान सबसे पहले दिनेश मेघवाल का शव नहर से बरामद किया गया।इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने नहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार तलाश जारी रखी। रात को दूसरे युवक जगदीश मेघवाल का शव महाजन से निकल रही इंदिरा गांधी नहर में बरामद कर लिया गया। दोनों शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

*प्रशासन और एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा*

घटना के दौरान उप तहसीलदार सुंदरपाल गोदारा, महाजन पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन की निगरानी में पूरे दिन राहत एवं बचाव कार्य चलता रहा। दोनों शवों के बरामद होने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। एक साथ दो युवकों की नहर में डूबने से महाजन क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे। दोनों युवकों की असमय मौत से परिवारों और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!