योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर, योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जियें: विधायक पटेल

AYUSH ANTIMA
By -
0


कोटपूतली (ईशाक खान): 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिले भर में योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन कस्बे के डाबला रोड़ स्थित राजकीय पाना देवी कन्या महाविद्यालय में प्रातः 6 से 8 बजे तक किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’’ रही। जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक हंसराज पटेल, जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता, जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह, एडीएम ओमप्रकाश सहारण सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों, महिलाओं, बच्चों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता करते हुये योगाभ्यास किया। इस मौके पर विधायक हंसराज पटेल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य देन है, जिसकी महत्ता को आज पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में योग दिवस एक वैष्विक आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, तनावमुक्त और ऊर्जावान जीवन जी सकता है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि योग को केवल योग दिवस तक सीमित ना रखते हुए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं। पटेल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो तन, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का सभी देशों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया और विश्व भर में करोड़ों लोग इसे स्वस्थ जीवन का आधार बना रहे हैं। जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने कहा कि योग भारत द्वारा विश्व को प्रदान की गई एक ऐसी अमूल्य विधा है, जो मानव जीवन को स्वस्थ और संतुलित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नियमित योग करने वाला व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से अधिक सक्षम रहता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे विश्व के अधिकांश देशों का समर्थन मिला। इसके बाद प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। आज विश्व के अनेक देशों में लोग योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम प्रोटोकॉल के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन के लाईव प्रसारण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजन के प्रभारी एवं आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक डॉ.मुकेश कुमार आर्य ने बताया कि जिले के प्रमुख धार्मिक, पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों सहित उपखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग प्रशिक्षकों द्वारा आमजन को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया। योग प्रशिक्षक विद्या रतन शास्त्री ने प्रतिभागियों को ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, कटी चालन, ताड़ासन, अर्द्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्द्ध उष्ट्रासन, पूर्ण उष्ट्रासन, पवनमुक्तासन, शवासन सहित कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास करवाया। उन्होंने प्रत्येक आसन के लाभ एवं सावधानियों की जानकारी देते हुए योग को नियमित जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

*योग के साथ लोकतंत्र एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश* 

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ‘‘योग भी, वोट भी’’ कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान की शपथ दिलाई गई। साथ ही अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में एसडीएम योगेश सिंह देवल, एसीईओ जगदीश प्रसाद, तहसीलदार रामधन गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, जिला परिवहन अधिकारी सुनील सैनी, उप निदेशक आईसीडीएस सतपाल यादव, जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!