निवाई। गणगौरी बाजार में वार्ड संख्या 4 एवं 16 सहित आसपास के क्षेत्र में तीन माह से बिजली संकट बना हुआ है। विद्युत समस्या के विरोध में कॉलोनी वासियों सहित महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, व्यापारी एवं क्षेत्रवासियों ने ट्रांसफार्मर के समीप एकत्रित होकर विरोध-प्रदर्शन किया एवं विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि गणगौरी बाजार क्षेत्र में लंबे समय से विद्युत आपूर्ति अव्यवस्थित हो रही है। एक ही ट्रांसफार्मर से जुड़े कुछ घरों में बिजली उपलब्ध रहती है, जबकि उसी समय कई घरों में बिजली बंद रहती है। रात्रि में विद्युत आपूर्ति सबसे अधिक प्रभावित रहती है और प्रतिदिन कई बार बिजली गुल होने की समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि गुरुवार व शुक्रवार की रात में करीब 1:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही, जिसकी सूचना के बाद विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचते हैं और अस्थायी रूप से व्यवस्था बहाल कर देते हैं, लेकिन कुछ समय बाद वही समस्या पुन: उत्पन्न हो जाती है। उक्त समस्या का मूल कारण आज तक दूर नहीं किया गया है। प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने सुचारु लाइट दो, बिजली विभाग होश में आओ एवं स्थायी समाधान करो सहित कई नारे लगाकर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती छोटे छोटे बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों एवं व्यापारियों के लिए भारी समस्या बनी हुई है। इस संबंध में कई बार पोर्टलों, कंट्रोल रूम, संबंधित अधिकारियों एवं उच्च स्तर तक शिकायतें भेजी जा चुकी हैं। इसके बावजूद केवल औपचारिक कार्रवाई कर शिकायतों का निस्तारण कर दिया जाता है, जबकि वास्तविक समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। बिजली की यह समस्या केवल गणगौरी बाजार में ही नहीं, बल्कि पूरे निवाई शहर में है। इस दौरान बार-बार बिजली आने-जाने, ट्रिपिंग एवं अघोषित विद्युत कटोती की समस्या बनी हुई है। कॉलोनी वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया एवं केवल खानापूर्ति जाएगी, तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की होगी। प्रदर्शनकारियों ने गणगौरी बाजार के ट्रांसफार्मर एवं विद्युत लाइनों की तकनीकी जांच कराकर मूल समस्या का स्थायी समाधान करने एवं आवश्यकता होने पर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने एवं संपूर्ण निवाई नगर की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में रामचरण शर्मा, कमल शर्मा, प्रहलाद जांगिड़, रामस्वरूप शर्मा, विनोद शर्मा, पुरुषोत्तम शर्मा, रामकिशन स्वामी, अंकेश सुनारी, सत्यनारायण सोनी, रामदयाल वर्मा, दीपक जैन, विक्रम पराणा एवं खेमचंद सिंधी सहित कई कॉलोनीवासी मौजूद थे। विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता लक्की गोठवाल ने बताया कि पिछले दिनों आए तेज अंधड़ में एक लोहे का चद्दर ट्रांसफार्मर पर गिर गया था, जिससे ट्रांसफार्मर के जंफर ढीले हो गए एवं वहां पर मौजूद बंदरों के आतंक से विद्युत केबले ढीली हो जाती है। उक्त समस्याओं को लेकर ट्रांसफार्मर की सभी प्रकार की समस्याओं को दुरुस्त करवा दिया गया है। निवर्तमान पार्षद मैना सैनी ने बताया कि यह समस्या पूरी निवाई की है। इस समस्या को लेकर करीब 2 वर्ष पूर्व विधायक की जनसुनवाई में उन्होंने मुद्दा उठाया था, जिनकी रसीद उनके पास आज भी रखी हुई है लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है, इसे विद्युत विभाग की घोर लापरवाही नहीं तो और क्या कहेंगे।
गणगौरी बाजार में तीन माह से बिजली संकट, अघोषित बिजली कटोती से कॉलोनी वासियों में फूटा आक्रोश, स्थायी समाधान की मांग
By -
June 12, 2026
0
Tags: