बानसूर/हरसौरा। (ईशाक खान): उप तहसील हरसौरा के गांव नारोल में बेटी के जन्म पर परिवार ने अनूठे अंदाज में खुशियां मनाते हुए समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश दिया। गांव निवासी नरेश कुमार मोरोडिया पुत्र रतिराम मोरोडिया की नवजात पुत्री का जन्म 20 जून 2026 को बानसूर उप जिला अस्पताल में हुआ था।माता और नवजात बच्ची को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिवार ने स्विफ्ट कार को आकर्षक ढंग से सजाकर उन्हें सम्मानपूर्वक गांव नारोल लेकर आया। गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मिठाइयां बांटी गईं, लड्डू खिलाकर खुशियां मनाई गईं और बेटी के आगमन पर पूरे परिवार में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नवजात बच्ची के पिता नरेश कुमार मोरोडिया ने कहा कि “मेरे घर में महालक्ष्मी का आगमन हुआ है। बेटी के जन्म से मैं बेहद खुश हूं और यह हमारे परिवार के लिए गर्व और सौभाग्य का क्षण है।” वहीं दादा रतिराम मोरोडिया और दादी शकुंतला देवी ने भी परिवार में बेटी के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे देश की महान नारियों इंदिरा गांधी और झांसी की रानी जैसी प्रेरणादायी हस्तियों से जोड़कर सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और देश का गौरव होती हैं तथा उनका जन्म उत्सव का विषय होना चाहिए। गांव में बेटी के जन्म पर इस तरह का भव्य स्वागत लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। परिवार के इस कदम को ग्रामीणों ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की भावना को मजबूत करने वाला बताया और इसे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश माना।
घर आई ‘महालक्ष्मी’: नवजात बेटी के स्वागत में सजी स्विफ्ट कार, गांव नारोल में मनाया उत्सव
By -
June 22, 2026
0
Tags: