बहरोड़: अखिल राजस्थान राज्य कृषि पर्यवेक्षक समन्वय समिति राजस्थान के आह्वान पर बुधवार को सहायक निदेशक कृषि विस्तार कार्यालय बहरोड़ पर कृषि पर्यवेक्षक, वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक एवं सहायक कृषि अधिकारियों ने सामूहिक धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सहायक निदेशक सौरभ गर्ग को मांगों का ज्ञापन सौंपा।
*‘कई बार दे चुके ज्ञापन, अब तक समाधान नहीं’*
कृषि पर्यवेक्षक संगठन कोटपूतली-बहरोड़ के जिलाध्यक्ष बाबूलाल गुर्जर ने बताया कि संगठन कई बार सहायक निदेशक कृषि विस्तार बहरोड़ और संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार कोटपूतली को ज्ञापन व प्रार्थना पत्र दे चुका है। प्रमुख मांगों में कृषि मैपर का सरलीकरण, स्टेशनरी वितरण, प्रकोष्ठ बैठकों का नियमित आयोजन, फसल कटाई प्रयोग में प्राथमिक कार्यकर्ता का मानदेय भुगतान तथा मिनी कीटों का कृषि पर्यवेक्षक मुख्यालय तक परिवहन शामिल है।
*सुबह से नारेबाजी, फिर मिला आश्वासन*
मांगों को लेकर ध्यान आकर्षित करने के लिए सुबह से ही सैकड़ों कर्मचारी धरनास्थल पर नारेबाजी करते रहे। बाद में सहायक निदेशक सौरभ गर्ग ने प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। उन्होंने फसल कटाई मानदेय और स्टेशनरी वितरण का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। साथ ही अन्य मांगों को लेकर उच्चाधिकारियों को पत्र लिखने का भरोसा दिलाया।
*‘प्रदेश स्तर पर हो रहा प्रयास’*
शाखा अध्यक्ष सुभाष चंद्र गुर्जर ने कहा कि कृषि मैपर के सरलीकरण के लिए प्रदेश नेतृत्व स्तर पर प्रयास जारी हैं। इसके परिणाम निश्चित रूप से कृषि पर्यवेक्षकों के हित में होंगे। संगठन ने चेताया कि यदि समय रहते मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।