जयपुर (विपुल मिश्रा): योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को नई दिशा देने वाली एक कला है। इसी विचार को आत्मसात कर अंजलि खांडल आज योग और पोषण के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। अंजलि एक डायटीशियन और योग प्रशिक्षिका हैं। दो वर्ष पूर्व उन्होंने योग में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभागिता कर अपनी योग साधना और अनुशासन का परिचय दिया। वर्तमान में वे स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में कार्यरत हैं, लेकिन आज भी अपने व्यस्त जीवन से समय निकालकर नियमित योगाभ्यास करती हैं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करती हैं।
उनका मानना है कि अच्छा स्वास्थ्य किसी चमत्कार का परिणाम नहीं, बल्कि संतुलित आहार और नियमित शारीरिक गतिविधि का फल है। वे लोगों को समझाती हैं कि यदि सही खान-पान के साथ योग, वॉक या कोई भी शारीरिक गतिविधि जीवन का हिस्सा बना ली जाए, तो कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। विश्व योग दिवस के अवसर पर अंजलि का संदेश है कि "योग और संतुलित पोषण स्वस्थ जीवन के दो ऐसे स्तंभ हैं, जो हमें न केवल बीमारियों से दूर रखते हैं, बल्कि एक खुशहाल, ऊर्जावान और आत्मविश्वासी जीवन जीने की शक्ति भी देते हैं।" योग और पोषण के प्रति उनका समर्पण आज अनेक लोगों के लिए प्रेरणा बन रहा है।