भीषण गर्मी में पक्षियों और पशुओं के लिए आगे आएं, दाना-पानी की करें व्यवस्था: जिला कलेक्टर

AYUSH ANTIMA
By -
0



रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव की परिस्थितियों को देखते हुए जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने जिलेवासियों से पक्षियों एवं मूक पशुओं की सहायता के लिए आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान और जल स्रोतों की कमी के कारण पक्षियों तथा अन्य पशुओं को भोजन और पानी के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम सभी का यह नैतिक एवं मानवीय दायित्व है कि इस कठिन समय में इन मूक प्राणियोें की सहायता हेतु आगे आएं। जिला कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों, कार्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, शिक्षण संस्थानों, खेतों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर पक्षियों और पशुओं के लिए दाना एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि छायादार स्थानों पर परिंडे, पानी के पात्र अथवा छोटे जलपात्र रखकर अनेक जीवों के जीवन की रक्षा की जा सकती है, हमारी यह पहल पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं जीवों के प्रति संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी। जिला कलेक्टर ने विश्वास जताया कि जिलेवासी सदैव की भांति इस सामाजिक सरोकार से जुड़े अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे तथा अपने आसपास के लोगों को भी पक्षियों एवं पशुओं के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि इस भीषण गर्मी के दौर में सभी मिलकर मूक प्राणियों के लिए जीवनदायी सहयोग प्रदान करें और मानवता का परिचय दें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!