निवाई (लालचंद माली): राज्यसभा सदस्य बनने के बाद पहली बार निवाई पहुंची राज्यसभा सदस्य अलका सिंह गुर्जर का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने शॉल, दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
नगर पालिका कार्यालय में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप इसरानी के नेतृत्व में भाजपा शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सदस्य का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर जितेंद्र शर्मा, शंकरलाल पडियार, करण सिंह, जीतू विजय, लक्ष्मण खटाणा, शिवदयाल गुर्जर, मौला सेन, रामानंद गुर्जर, जयनारायण कुमावत, वंश प्रदीप पारीक, शंकरलाल सैनी एवं बाबूलाल माली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान नगर पालिका में संचालित शहरी सेवा शिविर में अलका सिंह गुर्जर ने लाभार्थियों को पट्टे वितरित कर उन्हें लाभान्वित किया। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में शहरी सेवा शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आमजन से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। अधिशासी अधिकारी मनोहर लाल जाट ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहते हैं, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रियायती दरों पर पट्टे जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि निवाई नगर पालिका पूर्व में अजमेर संभाग में सर्वाधिक पट्टे वितरण कर प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी है। निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप इसरानी ने आमजन से शिविरों में पहुंचकर अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इसके अतिरिक्त बड़ी के मंदिर के समीप भाजपा नेता सीताराम वर्मा एवं रामेश्वर प्रसाद जांगिड़ सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी राज्यसभा सदस्य का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।