सूरौठ/करौली: कस्बे में उदासी के बाग के पास जलदाय विभाग की पाइपलाइन लीकेज होने के कारण, जहां व्यर्थ में पानी बह रहा है, वहीं कई कॉलोनियों में पानी नहीं पहुंच रहा है। पेयजल समस्या से परेशान लोगों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया तथा जलदाय विभाग के अभियंताओं के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने कलेक्टर एवं विभागीय अधिकारियों से लीकेज पाइपलाइनों को दुरुस्त करवाकर पेयजल समस्या का समाधान करवाने की मांग की है। भाजपा नेता मंगेश गोयल, सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र चतुर्वेदी सहित काफी लोगों ने बताया कि उदासी के बाग के पास पाइप लाइन जर्जर हो रही है। पाइपलाइन से पानी निकल जाने के कारण कस्बे में बंडा पट्टी, कोली मोहल्ला, कामदारजी गली एवं महात्मा गांधी राजकीय स्कूल के पास वाले क्षेत्र में करीब 10 दिन से पानी नहीं आ रहा है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का हाल-बेहाल है। लोगों ने बताया कि इस बारे में कई बार जलदाय विभाग के अभियंताओं को अवगत कराया जा चुका है किंतु अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है, जिससे लोगों में रोष बना हुआ है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लीकेज पाइपलाइनों को दुरुस्त करवाकर पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
पाइपलाइन लीकेज होने के कारण कई कॉलोनियों में नहीं पहुंच रहा है पानी, लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
By -
June 29, 2026
0
Tags: