जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): 20वें राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के अवसर पर राजस्थान के उप मुख्यमंत्री डॉ.प्रेमचंद बैरवा ने सार्वजनिक वित्त एवं सांख्यिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारपूर्ण योगदान के लिए राजस्थान शासन सचिवालय के संयुक्त सचिव (बजट) श्रीकृष्ण शर्मा को राज्य स्तरीय पीसी महालनोबिस पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया। यह प्रतिष्ठित सम्मान श्रीकृष्ण शर्मा को सांख्यिकी के प्रभावी एवं नवाचारपूर्ण उपयोग के माध्यम से लोक वित्त (Public Finance), पूल बजट (Pool Budget) तथा विषयगत बजट (Thematic Budgets), विशेष रूप से ग्रीन बजट (Green Budget) के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, साक्ष्य-आधारित वित्तीय नीति निर्माण तथा परिणामोन्मुख बजट प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रदान किया गया। श्रीकृष्ण शर्मा वर्तमान में राजस्थान शासन सचिवालय में संयुक्त सचिव (बजट) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने राज्य में डेटा-आधारित वित्तीय प्रबंधन, विषयगत बजटों के विकास तथा पर्यावरणीय दृष्टिकोण को बजट प्रक्रिया से जोड़ने के लिए ग्रीन बजट जैसी अभिनव पहलों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्री शर्मा द्वारा राजस्थान की अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक वित्त एवं बजट प्रणाली पर आधारित तीन महत्वपूर्ण पुस्तकों का लेखन किया गया है, जो विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों तथा नीति-निर्माताओं के लिए उपयोगी संदर्भ ग्रंथ हैं। सम्मान प्राप्त करने के उपरांत श्रीकृष्ण शर्मा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक है तथा वे इसे राजस्थान सरकार, वित्त विभाग, अपने वरिष्ठ अधिकारियों, सहयोगियों एवं मार्गदर्शकों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान मानते हैं। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी डेटा-आधारित सुशासन, वित्तीय पारदर्शिता, नवाचारपूर्ण बजट सुधारों, ग्रीन बजट तथा “विकसित राजस्थान @2047” के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।