रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): बोहरा परिवार की ओर से पिछले तीन वर्षों से संचालित निशुल्क स्कूटी प्रशिक्षण अभियान का नया शिविर मंगलवार से पुनः शुरू किया गया। अभियान के तहत बालिकाओं एवं महिलाओं को निशुल्क स्कूटी चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। निवर्तमान उपसरपंच अलका बोहरा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को लर्निंग लाइसेंस बनवाने में भी सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बोहरा परिवार द्वारा संचालित इस अभियान के माध्यम से अब तक करीब 250 बालिकाएं स्कूटी चलाना सीख चुकी हैं। प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है तथा प्रशिक्षित बालिकाओं द्वारा ही प्रशिक्षण दिया जाता है। अलका बोहरा ने बताया कि शिविर में किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता तथा प्रशिक्षण से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं बोहरा परिवार की ओर से उपलब्ध करवाई जाती हैं। उन्होंने इच्छुक बालिकाओं एवं महिलाओं से अभियान का लाभ उठाने की अपील की।
3/related/default