रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): क्षेत्र के किसानों को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंसेरी जीएसएस में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। ट्रांसफार्मर लगने से क्षेत्र के किसानों एवं आमजन को बार-बार होने वाली विद्युत समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार पंसेरी में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने जीएसएस पर बढ़ते विद्युत भार, बार-बार ट्रिपिंग तथा लो-वोल्टेज की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी। इस मांग पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के निर्देशों के बाद आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई। बताया गया कि जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ने स्वयं पंसेरी पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया तथा तकनीकी आवश्यकताओं का आकलन कराया। निरीक्षण के बाद पंसेरी जीएसएस के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्वीकृत किया गया, जो अब स्थापित होकर तैयार हो चुका है। अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। इससे किसानों को बार-बार होने वाली ट्रिपिंग, कम वोल्टेज तथा विद्युत भार की समस्या से राहत मिलेगी और कृषि कार्यों के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी। पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने कहा कि किसानों को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय से पंसेरी सहित आसपास के क्षेत्रों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों एवं किसानों ने भी अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका कहना है कि इससे सिंचाई कार्य सुचारू रूप से संचालित होंगे तथा विद्युत आपूर्ति में सुधार आएगा।
पूर्व विधायक देवल की रंग लाई पहल, पंसेरी जीएसएस में लगा अतिरिक्त ट्रांसफार्मर
By -
June 07, 2026
0
Tags: