निवाई (लालचंद माली): कमिश्नर मिड डे मील एवं जिला प्रभारी सचिव विश्वमोहन शर्मा ने ग्राम पंचायत गुंसी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी भी उनके साथ मौजूद रहीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए योजनाओं की प्रगति एवं प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा की। जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं, इसलिए इनका उद्देश्य आमजन तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिला प्रभारी सचिव एवं जिला कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया। पंचायतीराज विभाग की ओर से मनभर देवी, रामफूल, निर्मल कंवर, लक्ष्मी कंवर, जवाहर लाल एवं हनुमान प्रसाद को आवासीय पट्टे वितरित किए गए। साथ ही वर्षों पुराने भूमि विवाद का आपसी सहमति से निस्तारण कर परिवादियों को राहत प्रदान की गई। वहीं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत लाली, चंपा, अनीता, जानकी, पांची देवी, रुकमा देवी, शिमला, कमला देवी, नाथी देवी, बादाम देवी एवं गुड्डू देवी को बीमा पॉलिसियां प्रदान कर लाभान्वित किया गया। विश्वमोहन शर्मा ने अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़, तहसीलदार नरेश गुर्जर, विकास अधिकारी नंदकिशोर शर्मा सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीण मौजूद रहे।
शिविरों से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करें: विश्वमोहन शर्मा
By -
June 21, 2026
0
Tags: